सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दुद्धी, ओबरा, राबर्ट्सगंज और घोरावल तहसीलों में कुल 367 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 46 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।
दुद्धी तहसील के मुख्य कैम्प में जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार मीणा ने 87 शिकायतें सुनीं, जिनमें 08 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया गया। शिकायतों में भूमि विवाद, आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र आदि शामिल रहे। कैम्प में 08 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 06 विधवा पेंशन फॉर्म भरे गए व 10 दिव्यांग लाभार्थियों को एक्स-रे व अन्य जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए अधिशासी अभियंता, आरईएस, विद्युत (पिपरी), जल निगम (ग्रामीण), सिंचाई व नगर पंचायत अनपरा के अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने का आदेश देते हुए चेतावनी दी कि असंतोषजनक जवाब मिलने पर वेतन अवरोध की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य तहसील स्तर पर आयोजन:
ओबरा: अपर जिलाधिकारी श्री सहदेव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का तत्काल निस्तारण किया गया।
राबर्ट्सगंज: उप जिलाधिकारी श्री उत्कर्ष द्विवेदी व अपर पुलिस अधीक्षक चारू द्विवेदी की मौजूदगी में 145 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें 21 का तत्काल निस्तारण हुआ।
घोरावल: मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 मामलों को निस्तारित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस, थाना दिवस, सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का फीडबैक के आधार पर सत्यापन किया जाए और गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।