लखनऊ/एबीएन। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडलीय कार्यालय स्थित सभागार में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (NRMU) की 245वीं स्थायी वार्ता तंत्र (P.N.M.) की दो दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा द्वारा किया गया।
बैठक का उद्देश्य प्रशासन एवं यूनियन के मध्य पारस्परिक सहयोग एवं संवाद के माध्यम से कर्मचारी हितों और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध, पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना रहा। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में मंडल की वर्तमान उपलब्धियों, भावी योजनाओं तथा कर्मचारियों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी यूनियन प्रतिनिधियों को दी।
बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने भी लखनऊ मंडल में कर्मचारी हितों एवं कल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी। बैठक का सफल आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अमित पाण्डेय द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री नीलिमा सिंह एवं श्री शूरवीर सिंह, विभिन्न विभागों के शाखाध्यक्ष, NRMU के मंडल अध्यक्ष श्री विभूति मिश्रा, मंडल मंत्री श्री आर. के. पाण्डेय तथा यूनियन के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

यह बैठक कर्मचारियों के हितों को मजबूत करने, संवाद को सशक्त बनाने और संगठनात्मक सुचारुता को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।