सोनभद्र/एबीएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में पूरे प्रदेश में आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में 1 जुलाई से 7 जुलाई 2025 तक वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित वृक्षारोपण अभियान गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक में दी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद में 86 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे गड्ढा खुदाई, पौधों की सूची तथा उठान आदि कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करें तथा संबंधित रिपोर्ट वन विभाग कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की गई है। जनपद में अमृत सरोवर, ग्राम पंचायतें, नदियों के किनारे बसे गाँव, तथा एकलव्य वन, अटल वन, विरासत वृक्ष वाटिका, त्रिवेणी वन, सौर्य वन जैसे विशेष स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि “स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की नींव है,” और इसी भावना से यह अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), डीएफओ कुंज बिहारी वर्मा, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।