सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी0एन0 सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की नवीन व्यवस्था के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कई विभागों की प्रगति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की बैंक-वार समीक्षा की गई। प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने एल0डी0एम0 से स्पष्ट जवाब तलब करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विद्यालयों के सौंदर्यीकरण की समीक्षा की गई। संतोषजनक उत्तर न दे पाने पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को भी स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना की प्रगति भी अपेक्षित नहीं मिली, जिस पर अधिशासी अभियंता, जल निगम को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश हुए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत और समयबद्ध तरीके से पूरा करना हर विभाग की जिम्मेदारी है। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी—समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक—विद्यालयों से छात्रों के आवेदनपत्र जल्द अग्रसारित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी का निर्देश है कि जिले के सभी विकास खंडों में स्टेडियम की स्थापना की जाए। इस संबंध में युवा कल्याण अधिकारी को उप जिलाधिकारियों के माध्यम से भूमि चिन्हीकरण के निर्देश दिए गए।

साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड को निर्देशित किया गया कि 150 से अधिक आबादी वाले वे ग्राम पंचायत/मोहल्ले, जो अब तक सड़क मार्ग से नहीं जुड़े हैं, उनका सर्वे कर इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करें, ताकि मुख्यमंत्री की मंशानुसार हर गांव को सड़क से जोड़ा जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों तथा लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं, अन्यथा जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा।

बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री हेमन्त कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जय राम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












