सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में रविवार 18 जनवरी को जनपद सोनभद्र के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता सूची पठन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने बूथों पर आलेख्य मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया गया, ताकि मतदाता अपने नाम, विवरण की जांच कर सकें और आवश्यक संशोधन करा सकें।
कार्यक्रम के दौरान बीएलओ के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहे, जिससे नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम हटाने अथवा विवरण में संशोधन की प्रक्रिया को मौके पर ही सरल बनाया जा सके। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम की निगरानी एवं समीक्षा के लिए सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एन. सिंह की उपस्थिति में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज तथा राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का पठन किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और उन्होंने मतदाता सूची पठन प्रक्रिया को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मताधिकार से संबंधित विवरण की जांच अवश्य करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते आवेदन प्रस्तुत करें, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाया जा सके।
![]()












