अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपती अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुद्धी क्षेत्र में अपनी बेटी-दामाद से मिलकर वापस चोपन लौट रहे दंपती जैसे ही बाड़ी स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में शांति पटेल (52 वर्ष) पत्नी राम सेवक पटेल निवासी चोपन बैरियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
![]()
















