अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के थाना अनपरा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 9.63 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में अनपरा पुलिस टीम ने 11 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर जीएम ऑफिस ककरी के पास से अभियुक्त सोनू कुमार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के आधार पर थाना अनपरा में मु0अ0सं0- 86/2026 धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त सोनू कुमार (उम्र लगभग 19 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार निवासी ककरी कॉलोनी गेट के सामने, थाना अनपरा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से 9.63 ग्राम हेरोइन के अलावा एक ओप्पो F23 मोबाइल फोन, नकद रुपये तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल (UP64BB8853) भी बरामद की है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हेरोइन को सूरज कुमार उर्फ सूरज जैक्स निवासी रेहटा थाना अनपरा से लेकर छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर 500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता था। बिक्री से प्राप्त धनराशि का आधा हिस्सा उसे सप्लायर द्वारा दिया जाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि उक्त सप्लायर बाहरी स्थानों से हेरोइन लाकर क्षेत्र में नेटवर्क के माध्यम से सप्लाई करता है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार दूबे, हेड कांस्टेबल विजय कुमार एवं कांस्टेबल सौरभ वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()
















