दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग गांवों में फांसी के फंदे पर लटके दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना मुरता गांव की है, जहां शाम करीब चार बजे सत्यनारायण (38 वर्ष) पुत्र राजनाथ यादव का शव घर के बड़ेर में दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
वहीं दूसरी घटना कटौली गांव में दोपहर करीब तीन बजे सामने आई, जहां पूनम देवी (32 वर्ष) का शव घर के अंदर बड़ेर में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मृतका के पति आकाश के अनुसार, दोनों के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था, हालांकि कई बार आपसी सुलह भी हो चुकी थी। घटना के दिन अचानक उन्होंने पत्नी को फंदे से लटका देखा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
दोनों घटनाओं की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि दोनों मामलों को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। इलाके में एक ही दिन में दो ऐसी घटनाओं से दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
![]()















