लखनऊ/एबीएन न्यूज। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज गांव में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मामले में नया मोड़ तब आया जब प्रशासन के आदेश पर मृतका के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बहू पर आरोप है कि उसने कथित तौर पर अपने प्रेम संबंध के चलते सास को रोटी में जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करते हुए उसे खेत में दफना दिया था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और डीएम के आदेश पर शव को कब्र से निकालने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौजूद रही, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का काम किया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
![]()
















