लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने रविवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत लखनऊ–कानपुर रेल खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ से कानपुर पुल बायाँ किनारा तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मार्ग में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (ROB) और अंडरपास कार्यों का सूक्ष्म अवलोकन किया। साथ ही रेल पथ की संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर, उन्नाव जंक्शन और कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशनों पर चल रहे उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन मास्टर कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशन पर स्टेशन मास्टर से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और संचालन संबंधी जानकारी का आकलन भी किया गया।

इसके अलावा महाप्रबंधक ने गंगा पुल (ब्रिज संख्या 110, डाउन लाइन) पर चल रहे विशेष कार्यों का भी निरीक्षण किया। 2 अप्रैल से 13 मई 2026 तक चल रहे इस कार्य के तहत स्टील ट्रफ को हटाकर एच-बीम स्लीपर लगाए जा रहे हैं। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद गंगा पुल पर ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी, जिससे संचालन क्षमता और यात्री सुविधा दोनों में सुधार आएगा। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने उन्नाव और कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशनों पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की।
![]()
















