दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। स्थानीय कस्बा क्षेत्र के वार्ड नं. 10 डीहवार बाबा धाम स्थित डीपीएस पब्लिक स्कूल में शनिवार देर शाम भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कमलेश मोहन (नगर पंचायत अध्यक्ष) एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि, कमल कानू, राजेश्वर श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विद्यालय के प्रबंधक कृष्ण कुमार द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। इसके बाद कक्षा 1 से 10 तक टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति, सांस्कृतिक और फिल्मी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने कहा कि बच्चों को निशुल्क किताब-कॉपी उपलब्ध कराना एक पुनीत कार्य है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है, इसलिए बच्चों को पूरी ईमानदारी से पढ़ाई करनी चाहिए।” उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। अभिभावकों ने भी विद्यालय परिवार द्वारा कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की सराहना की और प्रबंधक कृष्ण कुमार के प्रयासों को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम का संचालन सुषमा जायसवाल और मनीषा ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर एमडी राजेंद्र प्रसाद चंद्रवंशी, प्रभु सिंह, अनिल हलवाई, जितेंद्र चंद्रवंशी, बिंदेश्वरी जायसवाल, जगत नारायण, सतेश, अभिषेक, अरविंद तिवारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
![]()
















