सोनभद्र / एबीएन न्यूज। हाईवे पर डीजल व स्टेपनी टायर चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 90 लीटर चोरी का डीजल, ट्रकों के स्टेपनी टायर सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
26 अप्रैल 2026 को गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का डीजल और अन्य सामान टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में छिपाकर बेचा जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश देकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 15-15 लीटर के 6 प्लास्टिक गैलनों में कुल 90 लीटर डीजल, 3 ट्रकों के स्टेपनी टायर, एक अतिरिक्त टायर, मोबाइल फोन और 2001 रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से सुनसान स्थानों पर डीजल चोरी करते थे और स्थानीय बाजार में बेच देते थे। साथ ही ट्रकों के स्टेपनी टायर भी चोरी कर अवैध रूप से बेचते थे। पकड़े जाने की आशंका पर वे पत्थरबाजी कर फरार हो जाते थे, जिससे यह गिरोह काफी खतरनाक तरीके से काम कर रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव (चौकी प्रभारी लोढ़ी), उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव (चौकी प्रभारी चुर्क), हेड कांस्टेबल मुन्ना सिंह यादव और कांस्टेबल राम सिंह यादव की अहम भूमिका रही।
![]()












