सोनभद्र / एबीएन न्यूज। जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। थाना बीजपुर की साइबर टीम ने सक्रियता दिखाते हुए ठगी गई ₹25,000 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, गुरूचरन सिंह निवासी एनटीपीसी कॉलोनी थाना बीजपुर, किसी अज्ञात साइबर ठग द्वारा ₹25,000 की ठगी का शिकार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और साथ ही एनसीआरपी पोर्टल पर भी प्रकरण पंजीकृत कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बीजपुर की साइबर टीम तुरंत सक्रिय हुई। टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धोखाधड़ी से ट्रांसफर की गई धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़ित के मूल बैंक खाते में पूरी ₹25,000 की रकम वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने बीजपुर पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय, कांस्टेबल सरोज अमित कुमार श्रीकृष्ण, महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय सहित साइबर हेल्प डेस्क की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।
![]()















