सोनभद्र / एबीएन न्यूज। कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर उनकी समस्याओं, सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, भूमि उपलब्धता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने जनपद में उद्योगों को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने और व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए। व्यापारियों ने विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, परिवहन सुविधा, बाजार व्यवस्था तथा भूमि उपलब्धता के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया) के विकास हेतु शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि इंडस्ट्रियल एरिया स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इसके साथ ही संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि वे संभावित भूमि का सर्वेक्षण कर ऐसी जमीन चिन्हित करें जो शहरी क्षेत्र के निकट हो, ताकि उद्योगों को बेहतर परिवहन, संसाधन, श्रमिक और बाजार की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र का विकास जनपद की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन, जिला उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल, नरेंद्र मोदनवाल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल, कृष्णा सोनी, राजेश गुप्ता सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()


















