सोनभद्र / एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में आगामी दिनों में मौसम परिवर्तन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा 27 अप्रैल 2026 को जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 अप्रैल से 01 मई 2026 तक जनपद में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस दौरान अचानक तेज हवा, गरज-चमक, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। इससे जनजीवन, यातायात, बिजली आपूर्ति, कृषि कार्य और खुले क्षेत्रों में काम कर रहे श्रमिक प्रभावित हो सकते हैं। वहीं वर्तमान समय में तापमान में बढ़ोतरी के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू और गर्म रातों की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में दिन में भीषण गर्मी और शाम या रात में अचानक मौसम बदलने की आशंका बनी रहेगी।
जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर सभी तहसील स्तरीय अधिकारियों, नगर निकायों, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग और राजस्व विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित मरम्मत के लिए टीमों को तैयार रहने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, वज्रपात और दुर्घटनाओं से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व और राहत टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने को कहा गया है। ग्राम पंचायत और नगर निकाय स्तर पर भी जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान घरों के भीतर सुरक्षित स्थान पर रहें। पेड़, बिजली के खंभों, टिन शेड, कमजोर दीवारों और खुले मैदान से दूरी बनाए रखें। खेत, नदी, तालाब या जलाशय में मौजूद लोग तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। तेज हवा के समय वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं।
भीषण गर्मी से बचाव के लिए दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी और छाछ का सेवन करें। हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। खुले स्थानों पर काम करने वाले श्रमिक समय-समय पर विश्राम लें।
किसानों को सलाह दी गई है कि तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए कटाई और मड़ाई का कार्य सावधानी से करें। पशुओं को खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित छायादार जगह पर रखें तथा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की आपदा, दुर्घटना, वज्रपात, पेड़ गिरने, जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम सोनभद्र के टोल फ्री नंबर 1077 या संबंधित तहसील प्रशासन से संपर्क करें।
![]()

















