दुद्धी / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। स्थानीय दुद्धी नगर से गुजरने वाले रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बढ़नीनाला तालाब के सामने तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक बालवीर (27) पुत्र कालेंडर निवासी ग्राम आसनड़ीह थाना बभनी, दुद्धी कस्बा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत है। रविवार शाम वह सब्जी खरीदने के लिए बाइक से दुद्धी बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह बढ़नीनाला तालाब के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। वहीं बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना देख आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल डायल 112 पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वी.के. सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक का दाहिना पैर और बायां हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुका है। हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस फरार पिकअप वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।
![]()

















