दुद्धी / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। दुद्धी क्षेत्र के बीज एवं कृषि सामग्री व्यापारियों ने सोमवार को एकजुट होकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम सोनभद्र बीज व्यापारी सेवा समिति के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें व्यापारियों ने लाइसेंस व्यवस्था, खाद वितरण, प्रस्तावित सीड बिल 2025 सहित कई मुद्दों पर सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।
व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि एक से अधिक जनपदों में कारोबार करने वाले व्यापारियों को प्रदेश स्तर पर निदेशालय से अलग-अलग लाइसेंस लेने की बाध्यता असंवैधानिक है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाए। साथ ही असंवैधानिक तरीके से जारी लाइसेंसों को निरस्त करने के बजाय नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि खाद की डिलीवरी सीधे विक्रेताओं की दुकानों तक पहुंचाई जाए, ताकि व्यापारियों और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। सीलबंद बोरी या कंटेनर से नमूना लेने के बाद यदि सामग्री अमानक पाई जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी विक्रेता पर न डालकर पैकिंग करने वाली कंपनी पर तय की जाए।
व्यापारियों ने आई.पी.एम.एस. पोर्टल के तहत उपकरण खरीद पर अनुदान देने तथा इसे निचले स्तर पर अनिवार्य रूप से लागू न करने की मांग की। साथ ही प्रस्तावित सीड बिल 2025 का सरलीकरण करने, लाइसेंस निलंबन होने पर 21 दिन के भीतर स्वतः बहाली करने तथा हर वर्ष प्रिंसिपल सर्टिफिकेट जोड़ने की अनिवार्यता समाप्त करने की भी मांग की गई।
इसके अलावा किसानों की झूठी शिकायतों पर सीधे कार्रवाई करने के बजाय जांच कमेटी बनाकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। व्यापारियों का कहना था कि बिना जांच के कार्रवाई से ईमानदार व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने बताया कि एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर पूरे प्रदेश और जिले की सभी तहसीलों में यह ज्ञापन अभियान चलाया जा रहा है।
दुद्धी तहसील में ज्ञापन सौंपने वालों में जसवंत सिंह मौर्य, राम कुमार मौर्य, विश्वजीत मौर्य, अनूप कुमार मौर्य, राकेश कुमार मौर्य, उमेश कुमार कुशवाहा, अरविंद कुमार हवाई, सुनील कुमार, सरवन कुमार जायसवाल, कालिका प्रसाद मौर्य, संजय कुमार कुशवाहा, अंकेश कुमार, विजय कुशवाहा, रघुराज मेहता, सत्येंद्र कुमार, मुकेश कुमार सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
![]()











