सोनभद्र / एबीएन न्यूज। जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, पर्यटन कार्यालय तथा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि भवन निर्माण की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी एजेंसी से कराई जाए, ताकि कार्य मानकों के अनुरूप पूरा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यस्थल पर श्रमिकों से संबंधित सभी आवश्यक रजिस्टर अद्यतन रूप में उपलब्ध रहें और निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने पर्यटन कार्यालय निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को भवन के शेष फिनिशिंग कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन का उपयोग शीघ्र प्रारंभ किया जा सके और विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हों।

निरीक्षण के दौरान राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्य की गति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता यूपी सिडको को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए तथा निर्माण को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में शिथिलता, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिशासी अभियंता एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को समय पर पूर्ण कर जनता को लाभान्वित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संत पाल वर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, एडीएसटीओ जय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()

















