सोनभद्र / एबीएन न्यूज। जनपद में राजस्व वसूली, कर-करेत्तर आय और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्यों में तेजी लाने तथा सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली के निर्धारित मासिक लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। तहसील स्तर पर बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली अभियान चलाया जाए तथा आरसी का नियमित मिलान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वसूली कार्य में शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और लक्ष्य पूरा न करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने सरकारी भूमि की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अवैध कब्जों को हटाने और सरकारी जमीनों को सुरक्षित रखने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और राजस्व कार्मिकों को निर्देशित किया कि तहसीलों के कार्यों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व मुकदमों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा जमीनी विवादों को मौके पर पहुंचकर सुलझाया जाए, ताकि जनता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में परिवहन विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यदि कोई वाहन किसी खनिज की ओवरलोडिंग करते हुए पकड़ा जाता है, तो संबंधित खदान या परमिट जारीकर्ता के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बाजारों में बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि मिलावटखोरी पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने छापेमारी अभियान तेज करने और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी दुद्धी श्री निखिल यादव, उपजिलाधिकारी घोरावल श्री आशीष त्रिपाठी, कलेक्ट्रेट ओसी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी श्री ध्रुव गुप्ता, सदर तहसीलदार अमित कुमार, प्रशासनिक अधिकारी श्री रामलाल यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











