04:56 AM, 29-Apr-2026
अमेरिकी सेना ने समुद्र में संदिग्ध जहाज को रोका
अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी के दौरान एक और व्यापारिक जहाज ब्लू स्टार III की तलाशी ली। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि मरीन सैनिकों ने हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे जहाज पर उतरकर जांच की। जब यह पुष्टि हो गई कि जहाज ईरान के किसी भी बंदरगाह पर नहीं जा रहा है, तो उसे आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।
ट्रंप प्रशासन ने दो हफ्ते पहले ईरान की समुद्री नाकेबंदी शुरू की थी। तब से अब तक अमेरिकी सेना ने कम से कम चार व्यापारिक जहाजों की तलाशी ली है। यह पहला मौका है जब किसी जहाज को हिरासत में लेने के बजाय छोड़ दिया गया। अमेरिका ने यह नाकेबंदी ईरान पर दबाव बनाने के लिए की है।
Earlier today in the Arabian Sea, U.S. Marines from the 31st Marine Expeditionary Unit boarded M/V Blue Star III, a commercial ship suspected of attempting to transit to Iran in violation of the U.S. blockade of Iranian ports. U.S. forces released the vessel after conducting a… pic.twitter.com/UFx329OsHj
— U.S. Central Command (@CENTCOM) April 28, 2026
04:37 AM, 29-Apr-2026
ईरानी अधिकारी ने ईरान के खिलाफ ट्रंप की धमकियों की निंदा की
भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के उप प्रतिनिधि डॉ मोहम्मद हुसैन जियाईनिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों का कड़ा विरोध किया है। ट्रंप ने शांति समझौता न होने पर ईरान के बुनियादी ढांचे को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। जियाईनिया ने कहा कि ट्रंप खुलेआम अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन कर रहे हैं, लेकिन संयुक्त राष्ट्र और अन्य संगठन इस पर चुप हैं।
04:09 AM, 29-Apr-2026
दक्षिणी लेबनान पर इस्राइली हवाई हमले में दो की मौत, 13 घायल
दक्षिण लेबनान के जेबचित शहर पर इस्राइल ने हवाई हमला किया है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई। आधिकारिक नेशनल न्यूज एजेंसी ने जानकारी दी कि नबातियेह जिले में हुए इस हमले में 13 अन्य लोग घायल हुए हैं। मंगलवार को लेबनान में हुए अलग-अलग इस्राइली हमलों में कुल मिलाकर कम से कम 11 लोग मारे गए और 30 घायल हुए। इन पीड़ितों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
02:21 AM, 29-Apr-2026
इस्राइल का अगला निशाना लेबनान के ड्रोन
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को घोषणा की कि लेबनान में अब ड्रोन उनका अगला निशाना हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह की सुरंगें नष्ट करने के बाद भी अभियान जारी रहेगा। नेतन्याहू ने ड्रोन के खतरे को खत्म करने के लिए कुछ हफ्ते पहले ही एक विशेष प्रोजेक्ट के निर्देश दिए थे। इस्राइली सेना ने कंतारा में एक शक्तिशाली धमाका किया, जिसे भूकंप के रूप में दर्ज किया गया। सेना ने हिजबुल्लाह की दो बड़ी सुरंगें तबाह की हैं। इनमें से एक 800 मीटर और दूसरी 1.2 किलोमीटर लंबी थी। इन सुरंगों में रहने की व्यवस्था और इस्राइल की ओर निशाना साधने वाले लॉन्चर थे। ये सुरंगें मस्जिद, स्कूल और खेल के मैदान के पास बनी थीं। इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने हिजबुल्लाह के ठिकानों को गाजा की तरह नष्ट करने का आदेश दिया है। इस बीच, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने इस्राइल की आलोचना की है। संस्था ने देबेल गांव में सोलर पैनल और वाटर स्टेशन तोड़ने पर आपत्ति जताई है।
12:42 AM, 29-Apr-2026
West Asia LIVE: अमेरिकी सेना ने समुद्र में संदिग्ध जहाज को रोका, जांच के बाद पहली बार किसी जहाज को छोड़ा
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता में गतिरोध के बीच, अमेरिकी वित्त विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने ईरान के शैडो बैंकिंग नेटवर्क से जुड़े 35 संस्थानों और लोगों पर प्रतिबंध की घोषणा की है। वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बताया कि ये नेटवर्क अरबों डॉलर के अवैध धन का लेन-देन करते थे। इस पैसे का इस्तेमाल ईरान की आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा था।

















