लखनऊ / एबीएन न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या–मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की मौजूदगी में ट्रेन को रवाना किया गया।
इसी क्रम में सुल्तानपुर स्टेशन पर विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह तथा माँ बेल्हा देवी धाम स्टेशन पर सांसद शिव पाल सिंह पटेल और विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। ट्रेन में कवच सुरक्षा प्रणाली, सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब, ईपी-असिस्टेड ब्रेकिंग सिस्टम, एयर स्प्रिंग सस्पेंशन कोच, फायर डिटेक्शन सिस्टम और रेडियम युक्त फ्लोरिंग जैसी उन्नत सुविधाएं दी गई हैं।

गाड़ी संख्या 22111 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:55 बजे रवाना होकर अगले दिन 10:15 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 22112 अयोध्या कैंट से प्रत्येक गुरुवार 3:50 बजे रवाना होकर अगले दिन मुंबई पहुंचेगी। ट्रेन लगभग 1505 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए कोचों में फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल होल्डर, चार्जिंग पोर्ट, रीडिंग लाइट, आरामदायक सीटें और आधुनिक प्रसाधन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांगजन यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
![]()












