लखनऊ / एबीएन न्यूज। कर्मचारियों के कल्याण और उनकी दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में स्थापित ‘अन्नपूर्णा स्टाफ कैंटीन’ का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ सुनील कुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कैंटीन का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरिमा भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक संगीत सागर तथा कार्यालय अधीक्षक स्थापना आशा चड्ढा द्वारा विधिवत रूप से किया गया। यह पहल कर्मचारी सहभागिता के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी सराहनीय कदम मानी जा रही है।

‘अन्नपूर्णा स्टाफ कैंटीन’ का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही स्वच्छ, पौष्टिक और किफायती दरों पर चाय, नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े और समय व ऊर्जा की बचत हो सके। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण भी बनेगा।

उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट गौरव दीक्षित, स्टेशन निदेशक लखनऊ प्रशांत कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भी इस पहल का स्वागत किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यह कैंटीन कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जिससे उन्हें बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलेंगी और वे अधिक दक्षता व समर्पण के साथ अपने दायित्व निभा सकेंगे।
![]()












