दुद्धी / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। दुद्धी नगर पंचायत द्वारा सप्ताह भर पहले चलाए गए अवैध होर्डिंग्स हटाओ अभियान के बाद एक बार फिर नगर में बैनर और होर्डिंग्स की भरमार शुरू हो गई है। इससे नगर पंचायत की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
नगर पंचायत ने हाल ही में शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से खंभों, दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे अवैध बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाने का विशेष अभियान चलाया था। उस समय लोगों को उम्मीद थी कि अब नगर का दृश्य साफ-सुथरा रहेगा, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पुराने जैसे नजर आने लगे हैं।
नगर के विभिन्न हिस्सों में दोबारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और शिक्षण संस्थानों के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। हाल ही में सामने आई तस्वीरों में बिजली के खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर विज्ञापन बोर्ड लगे दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि नियमों का खुलेआम मजाक उड़ाया जा रहा है। प्रशासन यदि कोई कदम उठाता भी है तो कुछ ही दिनों में उसका असर खत्म हो जाता है। नगरवासियों ने मांग की है कि नगर पंचायत इस मामले में स्थायी समाधान निकाले और दोबारा अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई करे।
![]()












