दुद्धी / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। थाना दुद्धी की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को ₹35,348 की पूरी धनराशि वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित ने राहत महसूस करते हुए टीम का आभार जताया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार आवेदक अलाउदीन पुत्र अहुर अंसारी निवासी वार्ड नंबर-09 कस्बा दुद्धी से अज्ञात व्यक्ति ने अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर यूपीआई के माध्यम से ₹35,348 की ठगी कर ली थी। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना दुद्धी की साइबर टीम ने तत्काल साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक से समन्वय कर ठगी गई राशि होल्ड कराई। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना की।
धनराशि वापस कराने वाली टीम में शामिल रहे:
प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल मन्तोष कुमार एवं महिला कांस्टेबल संध्या यादव।
साइबर जागरूकता अपील:
किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। OTP, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
![]()











