लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में दिवंगत रेल कर्मचारी स्वर्गीय रिशु गुप्ता के परिजनों को समस्त देयों का निस्तारण करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की। स्वर्गीय रिशु गुप्ता ट्रैक मेंटेनर चतुर्थ के पद पर सीसेई/पीवे/जरवल रोड के अधीन कार्यरत थे। उनका हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था।
रेल प्रशासन द्वारा दिवंगत कर्मचारी की माताजी को ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण तथा पारिवारिक पेंशन की औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए सभी देयों का भुगतान किया गया। इसके साथ ही रेलवे प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इसके अतिरिक्त स्वर्गीय रिशु गुप्ता की माताजी को ‘रेलवे सैलरी पैकेज’ (गोल्ड इंश्योरेंस) योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक भी प्रदान किया गया। यह सहायता भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक श्री आशीष कुमार, मुख्य प्रबंधक श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं हित निरीक्षक भी उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन ने कहा कि अपने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के कठिन समय में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी यह सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
![]()
















