लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कनौजिया के निर्देशन में मैलानी जंक्शन रेलवे स्टेशन के यार्ड स्थित समपार संख्या 179बी एवं 177सी पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों, स्थानीय निवासियों तथा सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक एवं यार्ड क्षेत्र के आसपास झाड़ियों, सूखी घास, पराली, कूड़ा-कचरा आदि में आग न लगाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही से बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
इसके साथ ही लोगों को केवल निर्धारित समपार या सुरक्षित स्थानों से ही रेलवे लाइन पार करने, ट्रैक पर जानवरों को न ले जाने तथा रेलवे ट्रैक के आसपास बसे इलाकों में स्टोव, अंगीठी, चूल्हा या गैस सिलेंडर का अत्यंत सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि रेलवे ट्रैक या आसपास के क्षेत्रों में पटाखों, विस्फोटक सामग्री अथवा किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण करना गंभीर खतरे को आमंत्रण देता है, इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए।
लोगों को यह भी समझाया गया कि यदि रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर या रेलवे संपत्ति के आसपास कहीं आग लगने की सूचना मिले तो तत्काल निकटतम रेलवे स्टेशन, आरपीएफ, जीआरपी थाना अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति रेलवे ट्रैक या रेलवे संपत्ति के निकट आग जलाता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें पांच वर्ष तक की सजा अथवा जुर्माने का प्रावधान है।
अभियान के दौरान लगभग 200 से 250 संरक्षा पोस्टर और पंपलेट वितरित कर लोगों को सुरक्षा संबंधी संदेश दिए गए। इस अवसर पर सहायक संरक्षा अधिकारी, संरक्षा सलाहकार, समाडि, यातायात एवं इंजीनियरिंग विभाग के पर्यवेक्षक तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












