लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय हॉल में समापक भुगतान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक मो. याकूब शेख की उपस्थिति में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों के विरुद्ध 07 पात्र कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश प्रदान किए।
पदोन्नति आदेश प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने शीघ्र पदोन्नति का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा रेलवे प्रशासन के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में कर्मचारियों के उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इसी दौरान 19 रेल कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई भी दी गई। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक भुगतान संबंधी प्रपत्र एवं सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के रेलवे के प्रति समर्पण, निष्ठा और अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घ जीवन की मंगलकामना भी की गई। इस अवसर पर मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी तृतीय एवं चतुर्थ सहित मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()















