लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने हेतु उत्कृष्ट सतर्कता, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले कर्मचारियों को गुरुवार, 30 अप्रैल 2026 को ‘सुरक्षा पुरस्कार’ (सेफ्टी अवॉर्ड) से सम्मानित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने चयनित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों की सजगता, सतर्कता तथा समय पर की गई त्वरित कार्रवाई सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों की मेहनत और जिम्मेदारी से ही यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध हो पाती है। ऐसे कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
सुरक्षा पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में श्री धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्वाइंट्समैन पखरौली, श्री आशुतोष कुमार, प्वाइंट्समैन फूलपुर, श्री मोहम्मद फखरे आलम, प्वाइंट्समैन जफराबाद जंक्शन तथा श्री ननकुन, ट्रैकमैन तृतीय, गैंग संख्या 40, अयोध्या कैंट जंक्शन शामिल रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री समर्थ गुप्ता ने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे सदैव सतर्कता, अनुशासन और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और भरोसेमंद रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
![]()

















