Last Updated:
रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है. यह चार्जशीट कुल 1,624 पन्नों की है. अब तक इस मामले में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार हैं. केस की संजीदगी को भांपते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है. उन पर सख्त कानून ‘मकोका’ ठोक दिया है.
रोहित शेट्टी फायरिंग केस में आया नया मोड़.
नई दिल्ली: रोहित शेट्टी फायरिंग केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती के साथ रखा है. पुलिस ने 1,624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें केस से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी शामिल है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक 15 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है. हालांकि, 2 आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है. कानून का शिकंजा कसता जा रहा है और अब सबकी नजरें कोर्ट की अगली कार्यवाही पर टिकी हैं.
जुहू के पॉश इलाके में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग ने सबको चौंका दिया था. 1 फरवरी की रात करीब 12:45 बजे उनके नौ मंजिला घर की पहली मंजिल पर पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिनमें से एक जिम के शीशे पर जाकर लगी थी. मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले की तह तक गई और 1,624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ
पूरी साजिश के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ बताया जा रहा है. गैंग के सदस्य शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. दिलचस्प बात यह है कि शुभम लोनकर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और सलमान खान के घर हुई फायरिंग में भी वॉन्टेड है. इन लोगों ने शूटरों को ब्रेनवाश किया और हथियार सप्लाई किए.
आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से किया गिरफ्तार
आरोपियों ने फायरिंग से पहले रोहित शेट्टी के घर की तीन बार रेकी की थी. वारदात वाले दिन शूटर दीपक शर्मा और उसके साथियों ने पास में ही शराब पी और फिर प्लान को अंजाम दिया. वे फायरिंग के बाद ऑटो रिक्शा से कल्याण भाग गए, जहां एक आरोपी पहले से रहता था. वे वहां मीटिंग करने के बाद ट्रेन से उत्तर भारत की तरफ निकल गए. पुलिस ने इन्हें हरियाणा और यूपी के अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया है.
आरोपियों पर लगाया सख्त कानून ‘मकोका’
पकड़े गए आरोपियों की उम्र 20 से 25 साल के बीच है. अब तक 15 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि शुभम और आरजू अभी भी फरार हैं. शुभम के भाई प्रवीण लोनकर को भी साजिश और पैसों के लेनदेन के आरोप में पकड़ा गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कानून ‘मकोका’ (MCOCA) लगाया है.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें
![]()
















