सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना, राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती तथा कलवारी-राबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश देते हुए कहा कि घोरावल नगर पंचायत की पेयजल पुनर्गठन योजना को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आम जनता को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, घटिया निर्माण सामग्री अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।

कलवारी-राबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क चौड़ीकरण का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने मौके पर ही निर्माण कार्य में प्रयुक्त गिट्टी की मात्रा और गुणवत्ता का सत्यापन कराया।
इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। सड़क निर्माण ऐसा हो जिससे आवागमन सुरक्षित, सुगम और लंबे समय तक टिकाऊ बना रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाकर जनपद के समग्र विकास को गति दी जाए तथा जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण), जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
















