सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशानुसार शाहगंज मार्केट में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई गई।
बताया गया कि गत दिवस जिलाधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान शाहगंज मार्केट में भारी गंदगी पाई गई थी। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को लगभग 100 सफाई कर्मियों की टीम लगाकर शाहगंज मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत नालियों की सफाई, कूड़ा-करकट का उठान तथा पूरे बाजार क्षेत्र की गहन सफाई कराई गई।
सफाई कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग भी की गई, ताकि अभियान गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। जिला पंचायत के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के बाद शाहगंज मार्केट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा और कहीं भी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()











