सोनभद्र/एबीएन न्यूज। ओबरा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष हो रहे फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश निर्धारण कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति तेज करने तथा समयबद्ध लक्ष्य पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांवों में पहुंचकर स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और अभियान की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री एवं खातेदारों के अंश निर्धारण का कार्य शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी संबंधित लेखपालों के साथ गांवों का भ्रमण करें तथा पंचायत सहायकों एवं अन्य कार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र किसान का समय से पंजीकरण हो और अंश निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिसमें कार्य की वास्तविक प्रगति, पाई गई कमियां तथा सुधारात्मक सुझाव स्पष्ट रूप से अंकित हों। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने तथा निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
![]()












