अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार को किन्नर समुदाय के दो पक्षों के बीच जजमानों से बधाई लेने के अधिकार को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष पुलिस चौकी के सामने ही आमने-सामने आ गए और काफी देर तक कहासुनी, आरोप-प्रत्यारोप तथा हंगामा चलता रहा। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की मुख्य वजह “अधिकार क्षेत्र” को लेकर थी। एक पक्ष का आरोप था कि दूसरे क्षेत्र से आए किन्नर उनके निर्धारित इलाके में पहुंचकर जजमानों से जबरन बधाई के रूप में नगद धनराशि, सोना-चांदी और अन्य उपहार ले रहे हैं। इस संबंध में एक जजमान द्वारा शिकायत किए जाने के बाद मामला खुलकर सामने आया।
सूचना मिलने पर पूजा नायक किरण नंद गिरी, जो किन्नर अखाड़ा सोनभद्र से जुड़ी बताई जा रही हैं, अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दूसरे पक्ष से संबंधित क्षेत्र में आने और बधाई लेने के अधिकार से जुड़े दस्तावेज दिखाने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया।
पूजा नायक पक्ष की ओर से रानी, अनपरा निवासी सदस्य, कजरी और करुणा ने आरोप लगाया कि मिर्जापुर क्षेत्र से आए कुछ किन्नर समूह बनाकर सोनभद्र जिले के विभिन्न इलाकों में जबरन वसूली कर रहे हैं। उनका कहना था कि विरोध करने पर जजमानों को धमकाया भी जाता है।
रानी त्रिपाठी ने कहा कि किन्नर समाज में क्षेत्र पहले से निर्धारित होते हैं और उसी व्यवस्था के अनुसार बधाई ली जाती है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की शिकायतें पहले भी अनपरा, दुद्धी, पिपरी और शक्तिनगर थानों में लिखित रूप से दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
वहीं दूसरे पक्ष की बबली ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित क्षेत्र उन्हें विधिवत आवंटित है। उन्होंने कहा कि वे किसी अन्य के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन पर बेवजह आरोप लगाए जा रहे हैं।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत करा दिया गया। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं, जिससे भविष्य में फिर से विवाद होने की आशंका बनी हुई है।
![]()
















