अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। एनसीएल कृष्णशीला परियोजना से गोरखपुर में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे कर्मचारियों की कार वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा शनिवार तड़के लगभग 4:30 बजे हुआ। दुर्घटना में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी कर्मचारी अपने साथी आनंद शंकर मिश्रा के विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार चला रहे मनोज कुमार के वाहन को पीछे से आ रहे किसी तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार अनियंत्रित हो गई और फिर पीछे से आ रहे दूसरे वाहन ने भी कार में टक्कर मार दी, जिससे कार पलट गई।
हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान एनसीएल कृष्णशीला परियोजना के फाइनेंस विभाग में कार्यरत रवि कुमार विश्वकर्मा की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना में घायल अन्य कर्मचारियों में अखिल जायसवाल, विकास कुमार और मनोज कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विकास कुमार की आंख में गंभीर चोट आई है, जबकि मनोज कुमार के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। अन्य घायल का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही एनसीएल कृष्णशीला परियोजना में शोक की लहर दौड़ गई। परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
![]()

















