दुद्धी, सोनभद्र, एबीएन न्यूज। स्थानीय दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत नगवा गांव में बीती रात एक युवक ने अपने ही घर के बढ़ेर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के तीन छोटे बच्चे पिता की छाया से वंचित हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय उमेश पुत्र दुखी खरवार, निवासी नगवा, बीती रात नशे की हालत में घर पहुंचा। उस समय परिवार के अन्य सदस्य गांव में आयोजित शादी-विवाह कार्यक्रम में गए हुए थे। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद उमेश ने कमरा बंद किया और घर के बढ़ेर में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो घटना की जानकारी होते ही चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
![]()












