गोरखपुर/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने 04 मई 2026 को गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 एवं 9 का व्यापक निरीक्षण किया।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, ड्रेनेज व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्मों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं—कैब-वे, पार्किंग स्थल, पेयजल व्यवस्था तथा पे-एंड-यूज प्रसाधनों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने भंडार डिपो के निकट प्लेटफॉर्म संख्या-9 के प्रवेश द्वार के पास खाली भूमि को समतल कर वहां पौधारोपण कराने और ट्री गार्ड लगाकर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बड़े पेड़ों के सौंदर्यीकरण हेतु रंग-रोगन कराने का सुझाव भी दिया।

यात्रियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-9 के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर लगी बैरिकेडिंग को प्लेटफॉर्म के समीप स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलकर्मियों के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल पर शेड लगाने की बात कही। उन्होंने प्लेटफॉर्मों पर वाटर बूथ की संख्या बढ़ाने और पेयजल की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

निरीक्षण के अंत में प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित प्रसाधन की साफ-सफाई का जायजा लेते हुए उन्होंने पूरे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को एक स्वच्छ और सुखद वातावरण मिल सके।
इसके अतिरिक्त, स्टेशन पर चल रही निर्माण एवं पुनर्विकास परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया गया। अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और निर्माण के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पूर्वोत्तर रेलवे की इस पहल से स्पष्ट है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
![]()












