सोनभद्र/एबीएन न्यूज। मिट्टी कला से जुड़े पारंपरिक कारीगरों के लिए खुशखबरी है। उ0प्र0 खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित माटीकला टूल किट्स वितरण योजना के तहत कुम्हारी/माटीकला से जुड़े कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चालित कुम्हारी चाक (इलेक्ट्रिक चाक) एवं पगमिल उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य कारीगरों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री गौतम त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 35 विद्युत चालित चाक वितरित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए इच्छुक पात्र कारीगरों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक जिन लाभार्थियों को बैंकों द्वारा ऋण वितरित किया जा चुका है, वे भी पगमिल के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करने के बाद गठित समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
इच्छुक कारीगर upmatikalaboard.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आवेदन से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्रों की हार्ड कॉपी कार्यालय में कार्य दिवस के दौरान जमा करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री गौतम त्रिपाठी के सीयूजी नंबर 9580503175 पर संपर्क किया जा सकता है।
![]()











