बरेली में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर को आधुनिक स्वरूप देने की कवायद अब अपने चौथे चरण में पहुंच गई है। नगर निगम ने फेज-3 के बाद अब शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके राजेंद्र नगर के कायाकल्प की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहा है। इस नए चरण के तहत राजेंद्र नगर की सड़कों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को जाम व जर्जर सड़कों से मुक्ति मिलेगी।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राजीव राठी ने बताया कि चौथे चरण में कुल 3.25 किलोमीटर लंबे मार्ग को नए सिरे से संवारा जाएगा। इस परियोजना का मुख्य आकर्षण सड़कों के किनारे न्यूयॉर्क की तर्ज पर बनने वाले आधुनिक फुटपाथ होंगे। इसके अलावा, पूरे इलाके की सुंदरता बिगाड़ने वाले बिजली के तारों के मकड़जाल को हटाकर उन्हें पूरी तरह से भूमिगत (अंडरग्राउंड) किया जाएगा, इसी के साथ फुटपाथ को भी चौड़ा किया जाएगा। इस योजना में नगर निगम ने लगभग 79.63 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है।