दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नगर पंचायत दुद्धी के बहुउद्देशीय मैरिज हॉल में सोमवार को मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल द्वारा नामित तीनों सभासदों—पूजा चंद्रवंशी, सुमित सोनी एवं धनंजय रावत—ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी श्री निखिल यादव ने सभी नव-नामित सभासदों को संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए ईश्वर को साक्षी मानकर शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें।
शपथ ग्रहण के उपरांत नवनियुक्त सभासदों का सम्मान भी किया गया। ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने पूजा चंद्रवंशी को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने सुमित सोनी एवं धनंजय रावत को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। साथ ही प्रदेश सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सभासद प्रेम नारायण मोनू सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रभारी अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष भाजपा मनोज मिश्रा, जिला मंत्री मनोज सिंह, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, सुरेंद्र अग्रहरि, मीरा सिंह गौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()

















