सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षामित्रों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 प्रतिमाह किए जाने पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और इस निर्णय का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ उपस्थित रहे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ के संबोधन का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षामित्रों एवं अधिकारियों ने ध्यानपूर्वक सुना।

मुख्य अतिथि श्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को ₹5 लाख तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में शिक्षामित्रों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

कार्यक्रम में सदर विधायक श्री भूपेश चौबे एवं घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने भी शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार के इस निर्णय की सराहना की। वक्ताओं ने शिक्षामित्रों को शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए उनके योगदान को सराहा।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट क्लास, विद्यालयों के सुंदरीकरण एवं शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि जैसे कई सराहनीय कदम उठाए गए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान पांच उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं अधिकारियों ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए शिक्षण-अधिगम सामग्री के स्टाल का अवलोकन कर उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र, शिक्षक एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
![]()

















