सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में प्रस्तावित स्वगणना अभियान को सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, नगर निकायों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता रही।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी औद्योगिक इकाइयों के आवासीय परिसरों में रहने वाले परिवारों के मुखिया अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि यह अभियान 7 मई से प्रारंभ होकर 21 मई तक संचालित किया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

जिलाधिकारी ने शिक्षा संस्थानों की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि जनपद के डिग्री कॉलेजों एवं इंटरमीडिएट विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्वगणना की विधि का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को इस प्रक्रिया में सहयोग कर सकें। इसके साथ ही आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों, रोजगार सेवकों, पंचायत सहायकों एवं स्वयं सहायता समूह की सखियों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जनपद के डिग्री कॉलेजों, आईटीआई संस्थानों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया और प्रचार वाहनों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को स्वगणना के प्रति जागरूक किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होंगे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री सहदेव कुमार मिश्रा, जनगणना अधिकारी सुश्री प्रियांशा सिंह, जनगणना सहायक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()
















