सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में स्थापित विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की गई, जहां प्रिंसिपल श्री आनंद कुमार ने अवगत कराया कि वर्तमान में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो रही है और किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के अविद्युतीकृत मजरों के विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए गहन समीक्षा की। अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि वर्तमान में योजना के अंतर्गत 97 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य मेसर्स विश्व समृद्ध इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जिनमें से 40 मजरों का कार्य पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी ने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को एक माह के भीतर सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 834 अविद्युतीकृत मजरे चिन्हित किए गए हैं, जिनके विद्युतीकरण की प्रक्रिया प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति एवं विद्युतीकरण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि जनपदवासियों को निर्बाध एवं सुचारू विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सके।
![]()











