लखनऊ/एबीएन न्यूज। IRCTC द्वारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष “भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन” के माध्यम से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का आकर्षक अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। Indian Railways के सहयोग से संचालित यह पहल यात्रियों को एक ही पैकेज में कई तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करती है।
आईआरसीटीसी ने दो विशेष धार्मिक यात्राओं की घोषणा की है, जिनमें पहली यात्रा 7 ज्योतिर्लिंग एवं पश्चिम भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की है, जबकि दूसरी यात्रा दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को कवर करती है।
पहली यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग तथा घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा 12 जून 2026 से 23 जून 2026 तक (11 रात/12 दिन) संचालित होगी।
इस यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 24,100 रुपये, 3एसी श्रेणी का 40,890 रुपये तथा 2एसी श्रेणी का 54,390 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
वहीं दूसरी यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथस्वामी मंदिर, मीनाक्षी अम्मन मंदिर, कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा 29 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक (11 रात/12 दिन) आयोजित होगी।
इस पैकेज के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 24,350 रुपये, 3एसी श्रेणी का 41,800 रुपये तथा 2एसी श्रेणी का 55,750 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
आईआरसीटीसी द्वारा संचालित इन यात्राओं में यात्रियों को ट्रेन यात्रा के साथ-साथ नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण हेतु बस सुविधा, होटल में ठहरने की व्यवस्था जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा यात्रियों के लिए एलटीसी एवं ईएमआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
यात्रा के लिए प्रमुख बोर्डिंग स्टेशन योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई सहित अन्य स्टेशन निर्धारित किए गए हैं, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
आईआरसीटीसी द्वारा देश और विदेश के लिए भी विभिन्न टूर पैकेज संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें भूटान, सिंगापुर, मलेशिया, नेपाल, बाली, वियतनाम, श्रीलंका के साथ-साथ कश्मीर, केरल, अंडमान, राजस्थान, गुजरात जैसे पर्यटन स्थल शामिल हैं।
इन यात्राओं की बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जा रही है। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या गोमती नगर, लखनऊ स्थित पर्यटन भवन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
![]()
















