सोनभद्र/एबीएन न्यूज। रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बन रहे नाले का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य हर हाल में समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर सीएनडीएस को निर्देशित किया कि नाले का निर्माण आगामी बरसात से पहले हर स्थिति में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी से कराई जाए, जिससे पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, तहसीलदार सदर अमित सिंह तथा प्रोजेक्ट मैनेजर सीएनडीएस रमेश चंद्र मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
![]()












