दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नगर पंचायत में शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ही नामित सदस्य एक्शन मोड में नजर आए। वार्ड नंबर पांच स्थित राजू के घर से लेकर रिंकू सोनी के घर तक लंबे समय से जर्जर पड़ी गली की सड़क के निर्माण कार्य का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।
इस अवसर पर नामित सदस्य सुमित सोनी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर सीसी रोड निर्माण कार्य की शुरुआत की। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखा गया, क्योंकि लंबे समय से स्थानीय नागरिक इस समस्या से जूझ रहे थे।
नामित सदस्य सुमित सोनी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पूर्व ही सदस्य के रूप में शपथ ली है और शपथ लेते ही क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पहल शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गली की खराब सड़कों के निर्माण के लिए पूर्व में ही मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया था, जिसका परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
यह सड़क निर्माण कार्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत लगभग 5.35 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इससे वार्ड के लोगों को आवागमन में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
नगरवासियों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि शपथ ग्रहण के अगले ही दिन विकास कार्यों की शुरुआत होना जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को दर्शाता है। लोगों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह क्षेत्र में अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा। इस दौरान भगवान सोनी, पंकज अग्रहरि, अंकित जौहरी, सभासद सोनू खान सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
![]()











