गैस पाइपलाइन विस्तार और घरेलू कनेक्शन योजना को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश
सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क की स्थापना एवं गेल कंपनी द्वारा संचालित गैस वितरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं गेल कंपनी के प्रतिनिधियों से जनपद में गैस पाइपलाइन नेटवर्क विस्तार, घरेलू गैस कनेक्शन, औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस आपूर्ति व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि गैस नेटवर्क के विस्तार से घरेलू उपयोग के साथ-साथ औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गैस पाइपलाइन बिछाने एवं अन्य निर्माण कार्यों में विभागीय समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक अनुमतियां एवं प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कराई जाएं, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गेल कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()

















