भीषण गर्मी में राहगीरों और श्रमिकों को मिलेगा ठंडे पेयजल का लाभ
सिंगरौली/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एनसीएल ब्लॉक-बी की कल्याणी महिला समिति द्वारा प्याऊ (पेयजल केंद्र) का शुभारंभ किया गया। इस पहल से राहगीरों, श्रमिकों एवं स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्याऊ केंद्र का शुभारंभ समिति अध्यक्षा श्रीमती अर्चना त्रिपाठी एवं समिति की सदस्याओं की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (ब्लॉक-बी) श्री पी. के. त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
कल्याणी महिला समिति की इस सामाजिक पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समिति की ओर से कहा गया कि भीषण गर्मी में राहगीरों और श्रमिकों को राहत पहुंचाना उनका प्रमुख उद्देश्य है, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
गौरतलब है कि कल्याणी महिला समिति समय-समय पर क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करती रही है। समिति द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहायता जैसे क्षेत्रों में भी निरंतर कार्य किए जाते हैं।
![]()












