16 मई तक ग्रामवार अभियान चलाकर खतौनी में अंश निर्धारण पूर्ण करने के निर्देश, तीन दिनों में चारों तहसीलों में कुल 13,188 अंश निर्धारण की कार्यवाही पूरी
सोनभद्र / एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद की ग्राम पंचायतों में अंश निर्धारण कार्य को गति देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि 16 मई 2026 तक पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाकर ग्रामवार खातेदार एवं सहखातेदारों की खतौनी में अंश निर्धारण का कार्य तेजी से पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक तहसील स्तर पर सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर क्षेत्रीय लेखपालों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाएं तथा लगातार मॉनिटरिंग कर समयबद्ध तरीके से लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अंश निर्धारण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी क्षेत्रीय लेखपाल ग्रामवार कार्ययोजना तैयार कर अपनी प्रगति प्रत्येक तीन घंटे के अंतराल पर गूगल शीट में अनिवार्य रूप से अंकित करें, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लंबित अंश निर्धारण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर राजस्व अभिलेखों को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाएगा, जिससे आमजन को राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा प्राप्त होगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश के क्रम में अंश निर्धारण अभियान के तृतीय दिवस में सायं 6 बजे तक तहसील रॉबर्ट्सगंज में 764, तहसील घोरावल में 529, तहसील ओबरा में 473 तथा तहसील दुद्धी में 2196 अंश निर्धारण की कार्यवाही की गई। इस प्रकार जनपद में एक दिन में कुल 3962 अंश निर्धारण किए गए। वहीं अभियान के अंतर्गत तीन दिनों में चारों तहसीलों में कुल 13,188 अंश निर्धारण की कार्यवाही पूरी की जा चुकी है।
![]()












