अनपरा / सोनभद्र / एबीएन न्यूज। बीते दिनों आई तेज आंधी और हल्की बारिश के दौरान हुई दुःखद घटनाओं में मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत पहुंचाते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर राज्य आपदा मोचक निधि से मृतकों के परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया युद्धस्तर पर पूरी कराई गई।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया था कि आंधी और बारिश के कारण हुई जनहानि के मामलों में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूर्ण कराते हुए सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज ने आंधी-बारिश की दुर्घटना में मृतक महेंद्र के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शासन की ओर से अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
वहीं उप जिलाधिकारी ओबरा द्वारा मृतका कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो निवासी ग्राम हर्रा, तहसील ओबरा के मामले में विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूर्ण कराई गई। मृतका के पति का बैंक खाता पूर्व में न होने के कारण तत्काल बैंक खाता खुलवाकर सहायता राशि प्रेषित करने की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
आंधी एवं बारिश से मृत व्यक्तियों में महेंद्र पुत्र कल्लू उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम खडुई, परगना विजयगढ़, तहसील रॉबर्ट्सगंज, रामविलास पुत्र रामजनम उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम डोमरिया, विजयगढ़, तहसील रॉबर्ट्सगंज तथा कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम हर्रा, तहसील ओबरा शामिल हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद प्रशासन द्वारा त्वरित गति से राहत सहायता उपलब्ध कराए जाने की आमजन सराहना कर रहे हैं। शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने हेतु पूरी कार्रवाई संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ सम्पन्न कराई गई।
![]()












