अलीगढ़ के थाना क्वार्सी के मौलाना आजाद नगर में 17 मई शाम साढ़े छह बजे बच्चों के बीच खेलने के दौरान हुए झगड़े में बड़े भिड़ गए। झगड़े के दौरान एक बच्चे ने छत से दूसरे पक्ष पर ईंट फेंक मारी, जो एक बुजुर्ग गुलबहार (60) के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पक्ष से जुड़े चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार गुलबहार के बेटे गुलजार का पुत्र बिलाल (13) रविवार शाम पड़ोस के ही हमउम्र बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान उसका मोहल्ले के ही एक बच्चे से झगड़ा हो गया और इनके बीच मारपीट होने लगी। गुलजार की पत्नी सलमा मौके पर पहुंच गई और उसने बिलाल के साथ मारपीट कर रहे बच्चे को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान बच्चे ने उनसे हाथापाई की और दांतों से उनके हाथ में काटकर भाग गया।
इसकी शिकायत लेकर महिला गुलबहार और अन्य परिजनों के साथ बच्चे के घर पर पहुंचीं तो वहां भी इनके बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया, जिसके दौरान बच्चे ने छत पर चढ़कर इनके ऊपर ईंट फेंक दी, जो गुलबहार के सिर में लगी।
गुलबहार को लहूलुहान और बेहोशी की हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां रात करीब आठ बजे उनकी मौत हो गई। सीओ सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह के अनुसार बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें एक बच्चे ने छत से ईंट फेंक दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लिया है। गुलबाहर के बेटे शरीफ की तहरीर पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।










